Wednesday, November 7, 2018

रात का पारा 2.60 और दिन का 2.20 लुढ़का

दीपावली से एक दिन पहले शहर में मौसम के तेवर बदल गए। रात का तापमान 2.6 डिग्री और दिन का तापमान 2.2 डिग्री लुढ़क गया। दिन में पारा 30 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दीपावली की रात भी ठंडक ऐसी ही रहने का अनुमान है।

हवा का रुख बदलने से रात का तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। रात 10 बजे के बाद ठंडक बढ़ गई थी। एक दिन पहले रात का तापमान 18.0 डिग्री दर्ज किया गया था। दिन का तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य रहा। दिन में तीखी धूप नहीं थी। शाम होने के बाद ठंडी हवा चलने लगी थी। रात 8.30 बजे के बाद ठंड असर दिखाने लगी थी। सोमवार को दिन का तापमान 32.1 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार की रात इस नवंबर की सबसे सर्द रात रही। मंगलवार इस नवंबर का सबसे ठंडा दिन रहा।

तापमान में गिरावट:  48 घंटे पहले शहर में दिन और रात का तापमान सामान्य से 2- 3 डिग्री तक ज्यादा बना हुआ था। बीते 48 घंटे में दिन के तापमान में 3.9 डिग्री की गिरावट हुई। दो दिन पहले दिन का तापमान 33.8 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसा ही असर रात के तापमान पर भी पड़ा। यह भी दो दिन पहले 18.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इसमें भी 3.2 डिग्री की कमी आई।

रात 9 बजे से पहले ही तीन घंटे में 6.6 डिग्री लुढ़क गया था पारा : सोमवार शाम ढलने के बाद हवा का रुख बदला था। इसी वजह से रात नौ बजे के पहले ही तापमान 6.6 डिग्री नीचे आ गया था। शाम 5.30 बजे पारा 29 डिग्री पर था। तीन घंटे बाद रात 8.30 बजे यह लुढ़ककर 22.4 डिग्री पर आ गया था। 

यह है खास वजह : वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके डे ने बताया कि कश्मीर समेत उत्तर भारत पहुंचा वेस्टर्न डिस्टरबेंस वहां से पास हो गया है। कश्मीर घाटी और हिमाचल कीवादियों में हुई बर्फबारी के बाद हमारे यहां हवा का रुख बदलकर उत्तरी हो गया। उत्तर भारत से सर्द हवा आ रही है। इस वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट हुई। दो- तीन दिन मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। फिर तापमान में इजाफा हो सकता है।

आजादी के 6 साल पहले 1941 में सबसे सर्द था नवंबर : शहर में नवंबर आजादी के 6 साल पहले 1941 में ही अभी तक सबसे सर्द रहा है। 30 नवंबर 1941 काे रात का तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। यह नवंबर में रात के सबसे कम तापमान का आॅल टाइम रिकाॅर्ड भी है। 

2010 और 2015 में नवंबर में नहीं पड़ी थी ठंड : 2010 और 2015 में नवंबर में बिलकुल भी ठंड नहीं पड़ी थी। हालात यह थे कि रात का तापमान 14 डिग्री से भी ज्यादा रहा था। इन दो सालों में रात का औसत तापमान भी 17 और 18 डिग्री से ज्यादा रहा था। इन 12 सालों में नवंबर में रात का औसत तापमान भी 13 डिग्री से कम नहीं रहा। वेसे राजधानी में अभी तक 1977 में नवंबर सबसे गर्म रहा था। 

No comments:

Post a Comment